हमीरपुर। विकास खंड भोरंज की साहनवीं पंचायत के सचिव का मेडिकल करवाने के बाद सैंपल मंडी स्थित लैब भेजे गए हैं। खून की जांच कर नशे का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने मेडिकल करवाकर बीडीओ भोरंज को रिपोर्ट भेज दी है। अब मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही नशे की मात्रा का सही पता लगेगा।
बता दें कि पंचायत सचिव सोमवार को शराब के नशे में धुत मिला था। पंचायत प्रतिनिधियों की शिकायत के बाद सदर थाना की टीम ने पंचायत सचिव का मेडिकल करवाया है। पहले भी इस पंचायत सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है। बीडीओ कार्यालय की तरफ से यह कार्रवाई की गई थी और अब नशे से जुड़ी शिकायत मिलने के बाद फिर पंचायत सचिव पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। सदर थाना प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि सैंपल मंडी स्थित फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने मेडिकल करवाकर रिपोर्ट बीडीओ भोरंज को सौंप दी है।