बिझड़ी(हमीरपुर)। आम के पेड़ की एक बड़ी टहनी टूट कर सड़क पर गिरने से सलौणी-दियोटसिद्ध मार्ग करीब 8 घंटों तक बाधित रहा है। सोमवार रात करीब 12 बजे कोटला के पास आम के पेड़ की एक बड़ी टहनी टूट कर सड़क पर आ गिरी। गनीमत ये रही कि उस समय सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। सुबह लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से पेड़ की टहनी को हटाकर यातायात बहाल किया गया। हालांकि कोरोना काल के चलते सड़क पर वाहनों की संख्या कम है, लेकिन फिर भी कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग देवराज शर्मा का कहना है कि आम के पेड़ की टहनी को जेसीबी के माध्यम से सुबह 8 बजे हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।