नप हमीरपुर ने चार माह पूर्व निजी पार्किंग संचालकों को दिए थे निर्देश
अभी तक महज छह निजी पार्किंग संचालकों ने ही करवाया पंजीकरण
निजी पार्किंग से कार चोरी होने का मामला आया था सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शहरभर में निजी पार्किंग का पंजीकरण कार्य फाइलों में दब गया है। चार माह में नगर परिषद हमीरपुर के पास महज छह पार्किंग स्थलों के पंजीकरण आवेदन आए हैं। जबकि, 11 वार्डों में दो दर्जन से अधिक संचालक पार्किंग चला रहे हैं। संचालकों को पार्किंग चलाने के लिए नगर परिषद ने चार माह पूर्व पंजीकरण करवाना अनिवार्य किया था लेकिन सुस्त कार्यप्रणाली और कार्रवाई न होने से पार्किंग संचालक पंजीकरण करवाने के लिए आनाकानी कर रहे हैं। पंजीकरण के लिए नगर परिषद ने पार्किंग संचालकों के लिए पांच हजार रुपये वार्षिक शुल्क निर्धारित किया है। वर्तमान में नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में जगह-जगह निजी पार्किंग संचालकों ने पार्किंग बनाई हैं। पार्किंग स्थलों में कैमरे और वाहनों की सुरक्षा को लेकर कोई भी व्यवस्था नहीं है। गत वर्ष निजी पार्किंग स्थल से गाड़ी चोरी होने का मामला भी सामने आया था। इसके चलते नगर परिषद ने 11 वार्डों में पार्किंग चला रहे संचालकों के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य किया है ताकि पार्किंग स्थलों में लोग बेफिक्र होकर वाहनों को पार्क कर सकें लेकिन, नगर परिषद के पास अभी तक छह पार्किंग संचालकों ने ही पंजीकरण करवाया है। जबकि, शेष पार्किंग संचालकों के पंजीकरण को लेकर कोई भी कार्रवाई नहीं की है। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के ईओ अजमेर सिंह ठाकुर ने कहा कि 11 वार्डों में निजी पार्किंग स्थल चला रहे पार्किंग संचालकों के लिए पंजीकरण को अनिवार्य किया गया है। अभी तक 11 वार्डोंं में से महज छह पार्किंग संचालकों ने ही पंजीकरण करवाया है। उन्होंने सभी संचालकों से पंजीकरण कराने का आग्रह किया है।