जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से जाहू कस्बे में दबिश देकर सब्जियों के अधिक दाम वसूलने और रेट लिस्ट न लगाने पर विक्रेताओं की 2 क्विंटल सब्जी जब्त की हैं। वहीं, पुलिस ने रेट लिस्ट न लगाने और अधिक दाम वसूलने पर 2 दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया है। भोरंज एसडीएम डॉ. अमित शर्मा की अगुवाई में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अनिश कुमार और अन्य स्टाफ ने जाहू में लगभग 9 बजे के दुकानों पर दबिश दी तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जाहू में सब्जी और फलों के मनमर्जी के दाम दुकानदार ग्राहकों से वसूल रहे हैं। उसी के आधार पर प्रशासन ने दुकानों पर छापे मारे। प्रशासन को कई दिनों से निधार्रित मूल्य से अधिक कीमतें लेने की शिकायत मिल रही थी। एसडीएम अमित शर्मा ने बताया कि दुकानदारों से 2 क्विंटल के लगभग सब्जियां और फल कब्जे में लिए हैं। उन्होंने बताया कि दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाने की हिदायत देने के बावजूद वह इसे नहीं लगा रहे हैं। इस कारण यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी दुकानदारों को सब्जी, फल और अन्य सामान की हर दिन रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए हैं। अगर कोई दुकानदार नहीं मानता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर रोज छापे मारे जा रहे हैं। उधर, थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने कहा कि रेट लिस्ट न लगाने और अधिक दाम वसूलने पर दो दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।