बिझड़ी (हमीरपुर)। सनातन युवक मंडल डुडार की ओर से दशहरा पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि रामलीला और दशहरा पर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। यह हमें धर्म, सच्चाई और मर्यादा का पालन करने की शिक्षा देते हैं। सनातन युवक मंडल की ओर से विधायक लखनपाल का विशेष सम्मान भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला के विभिन्न दृश्यों के मंचन से हुई। इसके बाद रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने आयोजकों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और रामलीला में भाग लेने वाले कलाकारों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान सुरेंद्र, मनीष, बिझड़ी पंचायत के प्रधान संजय कुमार, अशोक कुमार, संतोष कुमारी, वीना कुमारी सहित अन्य ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।