जाहू बाजार में साफ की गई निकासी नालियां। संवाद
जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के प्रमुख व्यापारिक केंद्र जाहू बाजार में गंदे पानी की निकासी के लिए बनी नालियां बंद होने से फैली बदबू से दुकानदार और उपभोक्ता बेहद परेशान थे। अब भवन निर्माण सामग्री और गंदे पानी से बंद पड़ी नालियों की सफाई लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को शुरू कर दी है। इससे बाजार के दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। जाहू बाजार में गंदे पानी की निकासी के लिए वर्षों पहले बनी नालियों की सही व्यवस्था न होने से जगह-जगह गंदा पानी एकत्रित हो रहा है। गर्मी के मौसम नालियों में जमा गंदा पानी बदबू को बढ़ावा दे रहा है। इससे दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापार मंडल और दुकानदारों की मांग पर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने नाली में पड़ी भवन निर्माण सामग्री को हटा कर सड़क के किनारे ढेर लगा कर रख दिया है और गंदे पानी की निकासी कर दी है। जाहू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान ने कहा कि बंद पड़ी नालियों को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने खोल दिया है। इससे गंदे पानी की निकासी शुरू हो गई है। उन्होंने सड़क के किनारे रखी नाली की गंदगी को हटाने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग अनुभाग जाहू के कनिष्ठ अभियंता मनोज शर्मा ने कहा कि बाजार में जहां-जहां नालियां बंद पड़ी हैं। उन्हें विभाग के कर्मचारी खोल रहे है। नालियों से निकली गंदगी के सूखने पर विभाग वहां से उठाएगा।