अस्पताल में सेवाएं दे रहे महज दो फार्मासिस्ट
दवाई काउंटर पर लगी रहती है हर समय कतार
सिविल अस्पताल नादौन की एक दिन की ओपीडी 400 के करीब
दवाइयां वितरित करने में लग जाता है खासा समय, मरीज होते हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगू (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल नादौन में दो ही फार्मासिस्ट होने से मरीजों को दवाइयां लेने में परेशानी हो रही है। नागरिक अस्पताल नादौन में हर रोज 400 से 500 के करीब ओपीडी है। इस अस्पताल में तीनों जिलों कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना के मरीज अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए आते हैं लेकिन फार्मासिस्ट की कमी के चलते उन्हें स्वास्थ्य जांच के उपरांत लंबी कतार में लगकर इंतजार करने के बाद दवाइयां मिल पाती हैं। इस समस्या के चलते अस्पताल आए मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 50 बिस्तरों के अस्पताल में चार फार्मासिस्ट और एक चीफ फार्मासिस्ट की नियुक्ति होती है, जबकि नादौन अस्पताल में दो फार्मासिस्ट और एक चीफ फार्मासिस्ट उपलब्ध है। चीफ फार्मासिस्ट के पास पूरे ब्लॉक की जिम्मेदारी होती है। इसके चलते चीफ फार्मासिस्ट अस्पताल में कम ही उपलब्ध होते हैं। अस्पताल में मौजूद दो फार्मासिस्ट मरीजों को दवाइयां, इंजेक्शन, मरहम पट्टी करने सहित आपातकाल में घायल मरीजों की जांच के दौरान भी अधिक व्यस्त रहते हैं। यही कारण है कि फार्मासिस्ट की नियुक्तियां न होने पर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों वेद प्रकाश, नीरज कुमार, मोहनलाल, संजीव, सोनू, मुकेश आदि ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि फार्मासिस्ट के खाली पड़े पदों को जल्द से जल्द भरा जाए ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस बारे में बीएमओ नादौन डॉ. केके शर्मा ने कहा कि समस्या को उन्होंने अपने उच्च अधिकारियों और सरकार के समुख रख दिया है और जल्द ही सरकार के आदेशानुसार यहां पर अतिरिक्त फार्मासिस्ट की नियुक्ति हो जाएगी।