अल्ट्रासाउंड और एक्सरे सुविधा से भी मरीज महरूम, हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। नागरिक चिकित्सालय सुजानपुर में चिकित्सकों के 14 पद सृजित हैं। इनमें महज 8 पद भरे हैं और छह खाली चल रहे हैं। कोई भी विशेषज्ञ चिकित्सक चिकित्सालय में उपलब्ध नहीं है। इसके अतिरिक्त खंड चिकित्सा अधिकारी का पद भी लंबे अरसे से खाली चल रहा है। रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड मशीन भी बंद पड़ी है। इससे अल्ट्रासाउंड की सुविधा से भी मरीज महरूम रहते हैं। वहीं, एक्सरे ऑपरेटर न होने के कारण एक्स-रे मशीन भी बंद पड़ी है। मरीजों को एक्सरे और अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए हमीरपुर व पालमपुर का रुख करना पड़ता है। कोई भी रोग विशेषज्ञ न होने से अधिकतर रोगियों को हमीरपुर अस्पताल रेफर किया जा रहा है। सुजानुपर अस्पताल में कांगड़ा से भी लोग आते हैं, लेकिन चिकित्सकों व कर्मचारियों की कमी के कारण मरीजों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। चुनावी दौर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी सुजानपुर विधानसभा के लोगों से सुजानपुर अस्पताल की दशा और दिशा को बदलने का वादा किया। इस अस्पताल की रोजाना की ओपीडी 350 के करीब है। मरीजों ललित, मुनीष, सौरभ, कृष्ण चंद आदि ने कहा कि अस्पताल में मूलभूत सुविधाएं भी नहीं हैं। इस बारे में कार्यकारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सौरभ ने कहा कि एक्सरे के लिए कृष्णा लैब से रेडियोग्राफर बुलाने की बात की है। अभी आचार संहिता चल रही है। उसके बाद ही रेडियोग्राफर की नियुक्ति होगी और अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट सप्ताह में एक दिन के लिए नियुक्त किया गया है।