फरवरी से नहीं है यहां पर चिकित्सक, फार्मासिस्ट के सहारे चल रहा केंद्र
लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए करना पड़ रहा बड़सर और बिझड़ी का रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत चकमोह में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फरवरी से चिकित्सक नहीं है। इससे पंचायत के साथ लगते करीब एक दर्जन गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लोगों को बड़सर या बिझड़ी जाना पड़ रहा है। क्षेत्र की रैली जजरी, दियोटसिद्ध, जरल मजरो, सकरोहा बाहल, अर्जुन बाहल, ठाकरू आदि करीब दर्जनभर गांव इसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए निर्भर हैं। हर माह करीब 600 से 700 मरीज यहां पर आते हैं लेकिन चिकित्सक न होने से फार्मासिस्ट के सहारे ही यह स्वास्थ्य केंद्र चल रहा है। स्थानीय पंचायत प्रधान किरण देवी सहित अजय कुमार, नीटू ठाकुर, अमित कुमार, राजेश, दीपक, अभिषेक सहित स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द इस स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर उपलब्ध करवाए ताकि उन्हें बड़सर या दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों में न जाना पड़े। सरकार की अनदेखी के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस बारे में खंड चिकित्सा अधिकारी बड़सर डॉ. बृजेश शर्मा ने कहा कि इस समस्या के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। उम्मीद है कि सरकार यहां पर जल्द ही चिकित्सक की तैनाती करवाएगी।