निजी बस ऑपरेटरों को सौंपने की तैयारी, घाटे का दिया जा रहा हवाला
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो के 6 रूटों को निजी बस ऑपरेटरों को सौंपने की तैयारी में है। निगम ने इन रूटों की सूची तैयार कर ली है। रूट आवंटन के लिए आगामी प्रक्रिया जारी है। हिमाचल पथ परिवहन निगम वर्तमान में घाटे में चल रहा है। घाटे के विभिन्न रूटों की सूची तैयार की जा रही है। इसी प्रक्रिया के तहत हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो ने भी घाटे में चल रहे रूटों को चिह्नित करने की प्रक्रिया को शुरू किया। उसके बाद हमीरपुर डिपो में 6 रूट चिह्नित किए हैं। इन रूटों पर अन्य के मुकाबले कम सवारियां मिल रही हैं। इससे निगम को घाटा झेलना पड़ रहा है। एचआरटीसी ने इन घाटे वाले रूटों को उबारने के लिए काफी प्रयास किए हैं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। अब इन रूटों पर निजी बस ऑपरेटर अपनी बसें चलाएंगे। निजी बस ऑपरेटरों को किस प्रक्रिया के तहत रूट दिए जाने हैं, इसका प्रारूप तैयार किया जा रहा है। प्रारूप तैयार होने के बाद ही आगामी प्रक्रिया को अमल में लाया जाएगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने कहा कि हमीरपुर डिपो के तहत 6 रूटों को चिह्नित किया गया है। इन रूटों पर कम सवारियां हैं। निजी बस ऑपरेटरों को रूट देने से संबंधित औपचारिकताओं को जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा।