हमीरपुर। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पोर्टल 2.0 शुरु हो गया है। अब जिले सहित प्रदेशभर की गर्भवती महिलाओं को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर करने के लिए सहायता राशि लेने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। पोर्टल बंद होने से महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। महिलाओं की समस्या के इस मुद्दे को अमर उजाला अखबार ने चार दिसंबर के अंक में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था, जिस पर विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। अब प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पोर्टल 2.0 सुचारु रूप से काम कर रहा है। पूर्व में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पोर्टल के बदलने से गर्भवती महिलाओं को सहायता राशि नहीं मिल रही थी। महिलाएं राशि के भुगतान के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर काटने के लिए मजबूर थीं। केंद्र सरकार की ओर से पूर्व में गर्भवती महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शुरू की गई थी लेकिन 11 माह पूर्व सरकार की ओर से नए सिरे से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2.0 को लांच किया गया। ऐसे में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पुराने पोर्टल पर अपलोड महिलाओं का डाटा डिलीट हो गया था। इसके चलते प्रदेशभर से सैकड़ों पात्र महिलाएं सुविधा से वंचित हो गई थीं। अब नए पोर्टल पर सभी महिलाओं का रिकॉर्ड दर्ज कर लिया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पोर्टल के अपग्रेड होने से पूर्व जिन महिलाओं ने आवेदन किया है उन्हें उसके अनुसार ही पहला बच्चा होने पर पांच हजार रुपये की धनराशि मिलेगी। वहीं नए पोर्टल 2.0 में आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं को प्रसव के दौरान पांच हजार रुपये जबकि दूसरी संतान बेटी होने पर भी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सरकार की ओर से छह हजार रुपये की राशि प्रोत्साहन के रूप में दी जाएगी। योग्य लाभार्थी महिलाओं को योजना का लाभ लेने के लिए पहले आवेदन करना होगा। आवेदन में सभी तरह के आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। आवेदन सही पाए जाने के बाद ही उन्हें इस योजना का लाभ मिल पाएगा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का पोर्टल 2.0 लांच हुआ है। पुराना पोर्टल बंद हो गया है। नए पोर्टल के चलने से अब पात्र गर्भवती और पंजीकृत महिलाओं का डाटा उपलब्ध हुआ है। पुरानेे पोर्टल के बंद होने से विभाग को महिलाओं की जानकारी नहीं मिल पा रही थी लेकिन अब पोर्टल पर पूरा डाटा उपलब्ध हो गया है।- अनिल कुमार, डीपीओ, महिला एवं बाल विकास विभाग हमीरपुर।