नादौन(हमीरपुर)। अटल बिहारी वाजपेई क्रिकेट स्टेडियम नादौन में 10 जनवरी से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबलों के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हमीरपुर क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव अनिल भाटिया ने कहा कि स्टेडियम में 10 जनवरी को हिमाचल और ओडिशा के मध्य, 17 जनवरी को हिमाचल और नागालैंड के मध्य, जबकि 24 जनवरी को हिमाचल व उत्तर प्रदेश के मध्य चार दिवसीय रणजी मुकाबले होने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तीनों ही मुकाबलों के लिए स्टेडियम प्रभारी एवं बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर संजय ठाकुर यहां पिच तैयार करने में जुटे हैं। अनिल भाटिया ने कहा कि संजय ठाकुर एक अनुभवी पिच क्यूरेटर हैं। उन्होंने कहा कि पिच के साथ-साथ अन्य संबंधित तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को किसी भी तरह की कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि लंबे अंतराल के बाद नादौन स्टेडियम में रणजी मुकाबले आयोजित होने जा रहे हैं।