नादौन (हमीरपुर)। भारतीय मानक ब्यूरो विभाग के सौजन्य से पॉलीटेक्निकल कॉलेज हमीरपुर के विद्यार्थियों ने मंगलवार को औद्योगिक क्षेत्र में स्थित निजी इंडस्ट्रीज का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान मानक संवर्धन अधिकारी पंकज पटियाल विशेष तौर पर उपस्थित थे। इनका फैक्ट्री के एमडी विनोद खावला ने स्वागत किया। पटियाल ने कहा कि विभाग के परवाणु में स्थित मुख्य कार्यालय से वह यहां आए हैं। विभाग की ओर से बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण करवाए जा रहे हैं ताकि वह कक्षाओं से बाहर निकाल कर प्रयोगात्मक तौर पर विभिन्न उत्पादों के निर्माण से संबंधित साक्षात तौर पर जानकारी हासिल कर सकें। बच्चों के साथ आए उनके प्राध्यापक को श्रेष्ठा परमार तथा वीरेंद्र सिंह ने मौके पर बच्चों को उनके विषयों से संबंधित फैक्ट्री में उपलब्ध मशीनों व उनकी कार्य प्रणाली की जानकारी दी। इस भ्रमण में कॉलेज के 36 विद्यार्थियों ने भाग लिया जिसमें 22 छात्र और 14 छात्राएं उपस्थित रहे।