थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन एनआईटी हमीरपुर में एनसीसी कैडेट्स को
हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर परिसर में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एयर विंग का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें वीरवार को सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। अधिकारियों ने युवाओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वन एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू की ओर से आयोजित शिविर में थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने कैडेट्स को भारतीय सेना में अधिकारी और सैनिक के रूप में भर्ती के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। संवाद सत्र में पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने नशे के बढ़ते खतरे, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर अनुशासित जीवन अपनाना चाहिए। सूबेदार मेजर संजय कुमार सिंह ने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी। इससे पहले कैंप कमांडेंट एवं एक एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें 31 अधिकारियों और कैडेट्स ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।