हमीरपुर। ब्लॉक युवा कांग्रेस हमीरपुर के अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने प्रदेश सरकार पर दमनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता लगातार बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है और प्रदेश सरकार विरोध प्रदर्शनों से विचलित होकर पुलिस को आगे करके कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे बना रही है। पुलिस दबाव बनाकर संघर्ष को दबाना चाह रही है। मंगलवार को यूथ कांग्रेस के सदस्यों जिला महासचिव अमित शर्मा, पंकज मिन्हास, रिशव चोपड़ा, रमन शर्मा, संजीव शर्मा ने पुलिस थाना सदर पहुंचे। यूथ कांग्रेस के सदस्यों ने कहा कि आंदोलन प्रदेशव्यापी था और एक ही दिन प्रदेश में युवा कांग्रेस ने जगह-जगह सरकार के खिलाफ रैलियां निकाली, विरोध प्रदर्शन किया और पुतले जलाए। लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने यह कार्रवाई की है। अश्वनी कुमार कहा कि अगर एक पुतले जलाने से प्रशासन इतनी त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दर्जन कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज कर रही है, जबकि किसान आंदोलन में सरकार की नींद नहीं टूट रही है।