प्लास्टिक कचरे को एकत्रित करने के बाद टौणीदेवी स्कूल के स्वयंसेवी अपने अध्यापकों के साथ।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणीदेवी में बुधवार को एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसएस के स्वयंसेवियों ने स्थानीय बाजार से 50 किलोग्राम प्लास्टिक का कचरा एकत्रित कर बारी पंचायत के प्रधान रविंद्र ठाकुर को निष्पादन के लिए सौंपा। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने स्वयंसेवियों को बताया कि प्लास्टिक कचरा इंसानी लापरवाही का सुबूत है। लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि सभी तरह के कचरे को एक साथ मिलाने से पर्यावरण को काफी नुकसान होता है।
प्लास्टिक के लिए अलग कचरे का डिब्बा रखने से सभी तरह का कचरा आपस में नहीं मिलता। हर किसी को यह बात याद रखनी चाहिए कि साफ प्लास्टिक को रिसाइकल के लिए देना चाहिए, ताकि वह लैंडफिल(गड्ढों) में न जाए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से एक जागरूक नागरिक की तरह घर से बाजार निकलते वक्त कपड़ा या जूट बैग साथ लेकर जाने, पॉलिथीन में सामान लेने से मना करने, अपने अभिभावकों को भी प्लास्टिक बैग के नुकसान के बारे में बताने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयासों से हम पर्यावरण में कई सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी विजय कुमार, सुमन रानी सहित सभी अध्यापक उपस्थित रहे।