विकासखंड नादौन की हर ग्राम पंचायत में होगी विशेष सभा
15 जुलाई के बाद पंचायतों में पारदर्शिता के साथ बीपीएल सूची में चयनित होंगे पात्र
पंचायतों को बीपीएल सूची से अयोग्य लोगों के नाम प्रेषित करने के दिए थे निर्देश
अब वीडियो रिकार्डिंग के साथ ग्राम सभा में पात्र लोगों का किया जाएगा चयनित
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत में 15 जुलाई के बाद विशेष ग्राम सभा का आयोजन होगा। इसमें बीपीएल सूची की समीक्षा की जाएगी और लंबे अरसे से बीपीएल सूची पर कुंडली मारकर बैठे अयोग्य लोगों के नाम सूची से काटे जाएंगे। वहीं मौके पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी। खंड विकास अधिकारी नादौन ने पात्र लोगों को सूची में डालने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। एक माह पूर्व उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों को बीपीएल सूची में अयोग्य लोगों के नाम सूचीबद्ध करके विकासखंड कार्यालय नादौन को प्रेषित करने के निर्देश जारी किए थे ताकि अयोग्य लोगों के नाम सूची से काटे जाएं और पूरी पारदर्शिता के साथ योग्य लोगों का बीपीएल में चयन हो सके। पंचायत प्रतिनिधियों को जारी आदेश के तहत व्यक्ति की ओर से दिए गए प्रमाण पत्र के साथ संबंधित वार्ड सदस्य, पंचायत प्रधान-उपप्रधान व सचिव को भी प्रमाणित करना था कि यह व्यक्ति बीपीएल सूची में रहने की पूरी योग्य रखता है। लेकिन, राजनीतिक स्वार्थ के चलते अयोग्य लोगों की सूची को प्रमाणित करने में कई पंचायत प्रतिनिधि आनाकानी कर रहे हैं और एक दर्जन से अधिक पंचायतों ने बीपीएल सूची के तहत अयोग्य लोगों के नाम कार्यालय को प्रेषित नहीं किए हैं। ऐसे में अब सभी पंचायतों में 15 जुलाई के बाद विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा के दौरान बीपीएल सूची की समीक्षा की जाएगी और अयोग्य लोगों के नाम काटकर उसकी जगह नए लोगों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग की निगरानी में किया जाएगा ताकि बीपीएल सूची में योग्य व्यक्तियों का चयन करने में किसी भी तरह की धांधली न रहे। इस बारे में खंड विकास अधिकारी नादौन निशांत शर्मा ने कहा कि 15 जुलाई के बाद नादौन की सभी पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाली ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बैठक में जरूर भाग लें ताकि बीपीएल सूची में पात्र लोगों को चयनित किया जा सके।