कहा, राहगीरों की सुविधा के लिए बनाई जाती है जेब्रा क्रॉसिंग
व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के कस्बा सलौणी में बस स्टैंड पर जेब्रा क्राॅसिंग पर बसें खड़ी करने पर स्थानीय लोग मुखर हो गए हैं। राहगीरों और दुकानदारों ने कहा कि जेब्रा क्राॅसिंग पर व्यक्ति विशेष के राजनीतिक प्रभाव के चलते बस ऑपरेटर जेब्रा क्राॅसिंग पर बसें खड़ी कर रहे हैं जो नियमों के विपरीत है। किसी भी बस स्टैंड पर जेब्रा क्राॅसिंग राहगीरों की सुविधा के लिए बनाई जाती है ताकि वहां गाड़ियां धीमी स्पीड से निकलें और राहगीर आसानी से सड़क पार कर सकें। स्थानीय लोगों पिंकू, राजू, संजू, राजेश, अनिल, जीवन, डेनी आदि ने कहा कि वह कई बार ट्रैफिक कर्मचारियों और प्रशासन को इस बारे में अवगत करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब कुछ स्वार्थी लोग दोबारा बस स्टैंड को बाजार से दूर अन्यंत्र चिह्नित करवाने का षड्यंत्र रच रहे हैं जो कि किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा और व्यापारियों के हितों की अनदेखी हुई तो वे चक्का जाम करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। इस बारे में भोटा पुलिस चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस टीम भेजकर इस मसले को जल्द ही हल करवा दिया जाएगा।