नादौन (हमीरपुर)। पुलिस के निर्देशानुसार नादौन क्षेत्र की कई पंचायतों में प्रधानों की अगुवाई में गांव को जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी की गई है। पंचायत प्रधानों की देखरेख में की गई इस नाकाबंदी में गांव की ओर हर आने जाने वाले से पूछताछ की जा रही है। जबकि, कर्फ्यू के दौरान बिना पास लोगों और वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। नादौन के साथ सटी बेला पंचायत में भी गांव के संपर्क मार्गों पर नाकाबंदी की गई है, जिसका मोर्चा स्वयं पंचायत के लोगों ने संभाला है। यह पंचायत नादौन शहर के साथ सटी है तथा यहां चार मुख्य संपर्क मार्ग हैं। जिसके चलते यहां वाहनों की भी आवाजाही काफी अधिक रहती है। पंचायत में लगाए गए इस नाके पर हर पैदल आने जाने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ की जा रही है तथा कर्फ्यू के दौरान बिना सरकारी अनुमति घूम रहे वाहनों को क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। केवल कर्फ्यू पास धारकों को ही आने जाने की अनुमति दी जा रही है।