हमीरपुर। जिले में क्रिप्टो करेंसी के जरिये पैसे दोगुना करने के लालच में दर्जनों लोगों ने अपनी खून पसीने की कमाई लुटा दी है। अभी तक करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से लोग गंवा चुके हैं। अपनी जान-पहचान के लोगों से चंद दिनों में पैसे दोगुना करने का लालच दिखाकर करोड़ों रुपये निवेश करवाने वाले कई कर्ताधर्ता भी अब खुद को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए शिकायतकर्ता की श्रेणी में शामिल हो चुके हैं। रोजाना पुलिस के समक्ष हाजिरी लगाकर शिकायत पत्र देने का प्रयास कर रहे हैं।
सुजानपुर और बड़सर में 11 शिकायतकर्ताओं के आधार पर पुलिस ने 14.50 करोड़ रुपये की ठगी की एवज में दो मामले दर्ज किए थे। अब 18 अन्य शिकायतें भी विभिन्न माध्यम से जिला पुलिस के पास पहुंची हैं। इन मामलों की जांच के लिए प्रदेश सरकार ने पहले ही एसआईटी गठित की है। पुलिस विभाग के कर्मचारी, व्यवसायी और कुछ राजनीतिक दलों के लोग भी इस गोरखधंधे में संलिप्त बताए जा रहे हैं। लोगों से क्रिप्टो करेंसी के नाम पर निवेश करवाने वाले कुछ लोग जिले से फरार हो चुके हैं, जिनकी एसआईटी को तलाश है। ऐसा ही एक मामला नादौन थाना क्षेत्र का भी है। यहां मुख्य आरोपी को पहले ही पंजाब पुलिस अपनी हिरासत में ले चुकी है। आए दिन बढ़ रही शिकायतों के आधार पर ऐसा माना जा रहा है कि क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से ठगी की राशि 100 करोड़ के आसपास पहुंच सकती है।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अशोक वर्मा ने कहा कि पुलिस के पास आए दिन क्रिप्टो करेंसी से संबंधित शिकायतें आ रही हैं। इन मामलों को निपटाने के लिए पुलिस मुख्यालय से पहले ही एसआईटी का गठन हो चुका है। हमीरपुर पुलिस को रोजाना शिकायतें मिल रही हैं।
-