डेपुटेशन पर सोमवार, मंगलवार और बुधवार को देंगे ड्यूटी
चिकित्सकों की तैनाती होने से आसपास की 15 पंचायतों को होगा लाभ
सुनील शर्मा
जाहू (हमीरपुर)। आयुष अस्पताल जाहू में शिशु और स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅक्टरों की तैनाती कर दी गई है। हमीरपुर के बाद मन्वी गांव में दूसरा बड़ा आयुर्वेदिक अस्पताल है, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों के पद रिक्त होने के कारण खासी दिक्कत होती थी। अब मन्वी आयुर्वेदिक अस्पताल में पहली बार शिशु और स्त्री रोग विशेषज्ञों की तैनाती कर दी गई है। इससे अब बच्चों और स्त्रियों को अपने नजदीक के अस्पताल में इलाज करवाने की सुविधा मिल रही है। मन्वी आयुर्वेदिक अस्पताल में 20 बिस्तरों की सुविधा है। यह अस्पताल 24 घंटे रोगियों के लिए खुला रहता है। शिशु व स्त्री रोग विशेषज्ञ डेपुटेशन पर मन्वी आयुर्वेदिक अस्पताल में लगाए गए हैं। इससे मन्वी, वाहन्वी, धमरोल, लुदर महादेव, कड़ोहता, भौंखर, मुंडखर, भलवाणी, बडैहर, जाहू समेत 15 पंचायतों को लाभ मिलेगा। स्त्री रोग विशेषज्ञ मन्वी आयुर्वेदिक अस्पताल में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को अपनी डयूटी देंगे। इसके अतिरिक्त शिशु विशेषज्ञ वीरवार, शुक्रवार व शनिवार को आयुर्वेदिक अस्पताल मन्वी में अपनी डयूटी देंगे। मन्वी आयुर्वेदिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. आंचित सागर ने कहा कि शिशु व स्त्री रागे विशेषज्ञ डॉक्टर की मन्वी अस्पताल में डेपुटेशन पर तैनाती की गई है। वर्तमान में अस्पताल में चार चिकित्सक हो गए हैं।
समाचार : सोनम शर्मा : सुनील शर्मा