कार्यक्रम के बाद एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रोपे पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला भाजपा ने हमीरपुर बाईपास स्थित निजी होटल में मंगलवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा ने की। मुख्यातिथि विक्रम ठाकुर ने कहा कि इतिहास के सबसे क्रूर प्रकरण के दौरान अमानवीय पीड़ा का सामना करने वाले, जीवन खो देने वाले और बेघर हो जाने वाले लाखों लोगों को भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता श्रद्धांजलि अर्पित करता है। सदर के विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि जिस समय यह प्रकरण हुआ उस समय सभा में बैठे लोगों में से कोई भी पैदा नहीं हुआ था, लेकिन उस बारे में जो भी पढ़ा और सुना है, उसी से दिल सिहर उठता है। विभाजन के समय हिंदू अल्पसंख्यकों पर जो अत्याचार हुए, वे मानवता की सारी हदों से परे थे। इस मौके पर बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने भी कार्यकर्ताओं के समक्ष अपने विचार रखे। इसके बाद सभी वरिष्ठ नेताओं ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं जसवां परागपुर से विधायक विक्रम ठाकुर, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष वंदना योगी, पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर, कमलेश कुमारी, अनिल धीमान, विजय अग्निहोत्री और राजिंद्र राणा सरीखे कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।