भोरंज (हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग में पार्ट टाइम कर्मचारियों ने छह महीने से वेतन न मिलने पर सरकार के प्रति रोष प्रकट किया है। जल शक्ति विभाग के पार्टटाइम कर्मचारी अक्षय कुमार, कर्मचंद, सुनील कुमार, रमेश कुमार, पवन कुमार, अरुण कुमार आदि ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि छह महीने से सरकार ने वेतन नहीं दिया है। वेतन न मिलने की वजह से परिवार का पालन पोषण करना बहुत ही कठिन हो गया है। पहले ही सरकार उनके साथ अन्याय कर रही है। मात्र 5600 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने पार्टटाइम तो एक नाम दिया है, जबकि पार्टटाइम कर्मचारी पूरा दिन ड्यूटी पर रहते हैं। सरकार ने आज तक कोई स्थाई नीति नहीं बनाई है। पार्टटाइम कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि उन्हें जल्द वेतन दिया जाए। संवाद