चार वर्ष पूर्व शुरू किया था पार्किंग बनाने का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा में चार वर्षों में भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। नगर पंचायत ने चार वर्ष पूर्व पार्किंग का निर्माण शुरू किया था। इसके बाद इसे दो से तीन मंजिला बनाने का निर्णय लिया गया। पूर्व सरकार ने पार्किंग के निर्माण के लिए एक करोड़ मंजूर किया था। पार्किंग स्थल में 100 वाहनों के खड़े करने की व्यवस्था का लक्ष्य रखा था लेकिन पिछले वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले ही अधूरे कार्य का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से करवाया दिया गया। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से मांग की है कि इस पार्किंग को जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि भोटा की स्थानीय जनता को सुविधा के साथ रोजगार भी मिल सके। इस बारे में नगर पंचायत भोटा की प्रधान सपना सोनी ने कहा कि अभी कुछ गाड़ियां ही यहां खड़ी होती हैं, लेकिन जल्द ही पार्किंग स्थल का इस्तेमाल पूरे तरीके से किया जाएगा और जो कुछ काम बचा है उसे भी पूरा कर लिया जाएगा।