बाजार में बेतरतीब तरीके से पार्क हो रहे वाहन
पार्किंग स्थल का निर्माण न होने से लोगों को हो रही दिक्कत
वर्तमान में शादियों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के मुख्य बाजार मैहरे में वाहन खड़ा करने के लिए कोई पार्किंग व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बाजार में प्रतिदिन बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े हो रहे हैं। इससे राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों सन्नी, संदीप, राकेश, राजीव, करण, अनिमेश ने कहा कि बाजार में वाहनों को पार्क करने की सुविधा नहीं है। ऐसे में वाहनों के मालिकों ने मैहरे में पार्किंग व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऊना-भोटा एनएच पर मैहरे बाजार में वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। बड़सर उपमंडल के अधिकतर कार्यालय मैहरे में स्थित हैं। यहां वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। कई बार चालक बीच सड़क में वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति बन जाती है। पुलिस की ओर से कई चालकों के चालान भी किए हैं लेकिन पार्किंग स्थल के बारे में कोई ध्यान नहीं दिया गया। इतना ही नहीं बाजार में बस अड्डा नहीं होने से एनएच पर बसें वर्षा शालिका के पास खड़ा होने से परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शादियों के सीजन को लेकर लोग खरीदारी के लिए बाजार में पहुंच रहे हैं। ऐसे में बाजार में जाम लगने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में एसडीएम बड़सर राजिंद्र कुमार ने कहा कि मैहरे बाजार में मिनी सचिवालय बनने से बाजार में पार्किंग समस्या का समाधान होगा। बाजार में आने वाले लोगों को वाहन पार्क करने के लिए सुविधा मिलेगी।