बड़सर में दो माह से लगे कूड़े के ढेर, युवाओं ने शुरू किया सफाई अभियान
कूड़े के निपटान और शहर में लोगों को साफ-सफाई के लिए कर रहे जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। दो माह से बड़सर में कूड़े की समस्या का समाधान करने के लिए अब युवाओं ने कमान संभाली है। बाजार में जिस जगह पर कचरा फेंका जाता है, युवाओं ने दीवार पर सफेदी कर दी है, ताकि कोई दोबारा इस जगह पर कूड़ा न फेंक पाए। दो माह से बाजार में कूड़े के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, प्रशासन और पंचायत के प्रतिनिधि भी कूड़े का समाधान करने में असमर्थ साबित हो रहे थे। ऐसे में समस्या का समाधान करने के लिए युवा आगे आए हैं। युवाओं कार्तिकेय शर्मा, आतिश धीमान, नीरज कपिल ने कहा कि पंचायत और प्रशासन की लापरवाही के चलते अब युवाओं ने बड़सर में कूड़े का समाधान करने का निर्णय लिया है ताकि बड़सर को साफ-सुथरा बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि कूड़ेे के निपटारे के लिए लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं ताकि कूड़े का स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि बाजार में एक भी जगह ऐसी नहीं बची थी जहां पर कचरे के ढेर न लगे हों। वहीं, दो माह से कचरे के कारण बाजार में महामारी फैलने का खतरा बना हुआ था। कूड़े के कारण मुख्य सड़क पर मार्ग भी अवरुद्ध हो गया था। इससे राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के बार बार शिकायत करने के बाद प्रशासन ने आदेश तो दिए लेकिन इन पर कोई अमल मैहरे के साथ लगती चार पंचायतों में से किसी एक ने भी नहीं किया था। हालांकि, एसडीएम बड़सर की ओर से 10 दिन के भीतर कूड़े को हटाने के निर्देश दिए थे लेकिन आदेश के 15 दिन बाद भी इसपर कोई करवाई नहीं हो पाई है। ऐसे में अब युवाओं ने शहर को साफ सुथरा बनाने का जिम्मा उठाया है। इस बारे में एसडीएम बड़सर राजिंद्र कुमार ने कहा कि कूड़े के निपटारे के लिए प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन और पंचायतें इस समस्या का स्थायी हल खोजने में कार्यरत हैं।