औद्यानिकी महाविद्यालय नेरी में शुक्रवार को आउटसोर्स वर्कर यूनियन मांगों को लेकर रैली निकालती हु
रंगस (हमीरपुर)। उद्यानिकी महाविद्यालय नेरी में शुक्रवार को आउटसोर्स वर्कर यूनियन ने सीटू के जिला संयुक्त सचिव रंजन शर्मा और जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार राठौर की अगुवाई में अपनी मांगों को लेकर कॉलेज कैंपस में रैली निकाली और डीन ऑफ कॉलेज को ज्ञापन भी सौंपा। मजदूर कॉलेज गेट पर एकत्र हुए और वहां से अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए डीन ऑफ कॉलेज के दफ्तर तक गए और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जबरदस्ती मजदूरों को छुट्टियों पर न भेजा जाए और उनको नियमित क्रम में काम पर रखा जाए।
सीटू जिला संयुक्त सचिव रंजन शर्मा और जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार राठौर ने मजदूरों को संबोधित करते हुए अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत रहने का आह्वान किया। कॉलेज प्रशासन को चेताया है कि अगर मजदूरों का शोषण इसी स्तर पर होता रहा तो आने वाले समय में सभी आउटसोर्स कर्मचारी एक लंबे आंदोलन पर चले जाएंगे। कॉलेज प्रशासन ने उनकी मांग को मानते हुए नौणी विश्वविद्यालय की कुलपति से बात करने का आश्वासन दिया है और उनकी मांगों को मानने को लेकर प्रतिबद्धता जताई है। नेरी कॉलेज में 140 के आसपास आउटसोर्स मजदूर कई वर्षों से कार्यरत हैं, पर पिछले हफ्ते कॉलेज प्रशासन ने एक तानाशाही फरमान जारी करते हुए कुछ मजदूरों की छंटनी कर जबरदस्ती छुट्टियों पर भेजने का फैसला कर दिया है। साथ ही वेतन में भारी कटौती की है। मजदूरों को न तो कॉलेज प्रशासन की तरफ से सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम वेतन मिलता है और न ही छुट्टियों का प्रावधान है। प्रदर्शन में उद्यानिकी आउटसोर्स वर्कर यूनियन के अध्यक्ष पंकज कुमार, सचिव सुनील कुमार सहित सैकड़ों आउटसोर्स कर्मियों ने भाग लिया।