बाल स्कूल हमीरपुर में जेबीटी स्पेशल टेट की परीक्षा देकर बाहर आते अभ्यर्थी।(स्रोत: संवाद)
हमीरपुर। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से रविवार को जेबीटी स्पेशल टेट (अध्यापक पात्रता परीक्षा) का आयोजन किया गया। यह परीक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में करवाई गई। परीक्षा के लिए 167 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 153 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 14 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा का समय 10:30 से 12:30 तक निर्धारित किया गया था। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दो दिन पूर्व दिशा निर्देश जारी किए थे जिन अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड पर जेबीटी स्पेशल टेट होगा, वही परीक्षा देंगे। वहीं, कुछ दिन पूर्व जारी किए एडमिट कार्ड में ऐसा नहीं था। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने कुछ दिन पूर्व एडमिट कार्ड प्रिंट करवाए थे उन्हें दोबारा उठकर अपना एडमिट कार्ड प्रिंट करवाना पड़ा। अभ्यर्थियों पूजा, सुमित, विजय, तुषार, मयंक आदि ने कहा कि प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की कोताही के कारण खासी दिक्कत हुई। हालांकि, स्कूल स्टाफ ने काफी सहयोग किया और परीक्षा दे पाए। इस बारे प्रधानाचार्य नीना ठाकुर ने कहा कि 167 अभ्यर्थियों में से 153 ने परीक्षा दी और 14 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
(समाचार : सोनम शर्मा)