हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र बड़सर की ग्राम पंचायत ज्योली देवी के गांव बडित्तर में शराब ठेके का विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को इलाके की दो दर्जन महिलाएं शराब ठेके के विरोध में उपायुक्त हमीरपुर देबाश्वेता बनिक से मिलने पहुंची। महिला मंडल प्रधान सुलोचना देवी, लीला देवी, सुनीता, प्रोमिला, शिला देवी, राजो देवी, केसरी देवी, कमलेश कुमारी, आशा, सुषमा, सविता शर्मा, विमला और रतनी देवी ने कहा कि एक कारोबारी ने गांव में होटल खोलने की बात कह कर ग्रामीणों के हस्ताक्षर करवा लिए हैं। लेकिन अब वह वहां पर बीयर बार और शराब ठेका खोलने जा रहा है। इसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव में शराब ठेका खुलने से महिलाओं खासकर बेटियों और छोटे बच्चों का चलना-फिरना मुश्किल हो जाएगा। बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए प्रदेश सरकार कई जागरूकता कार्यक्रम भी चला रही है। लेकिन अगर गांव में ही शराब का ठेका खुलेगा तो बच्चे पढ़ने के बजाय नशे का सेवन करेंगे। अगर उनकी मांग पूरी न हुई तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उधर, इस बारे में उपायुक्त हमीरपुर देबाश्वेता बनिक ने कहा कि इस बारे में एक्साइज विभाग से जानकारी लेकर उचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।