जाहू (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत शनिवार को जाहू में बस स्टैंड की ओर आ रही निजी बस की टक्कर से एक राहगीर की टांग टूट गई। यह हादसा उस समय हुआ जब कुल्लू-मंडी की तरफ से एक निजी बस जाहू बस स्टैंड की तरफ आ रही थी। लोगों के शोर मचाने पर बस के चालक ने एकदम ब्रेक लगा दिया। अगर ब्रेक नहीं लगाया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बस स्टैंड के लिए जैसे ही ड्राइवर ने बस को मोड़ा तो अचानक पैदल जा रहा व्यक्ति टक्कर लगने से सड़क पर गिर गया। भोरंज थाना प्रभारी सुरम सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं।