बड़सर(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र बड़सर के तहत स्थानीय जल शक्ति विभाग कार्यालय मैहरे में शनिवार दोपहर को एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान मेघनाथ शर्मा पुत्र लाला राम उम्र 79 साल निवासी गांव शास्त्री नगर, मैहरे तहसील बड़सर के रूप में हुई है। मेघनाथ शर्मा सुबह ही घर से निकले थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुजुर्ग मेघनाथ शर्मा दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे और कई वर्ष पूर्व घर आ गए थे। शनिवार को जल शक्ति विभाग दफ्तर मैहरे से कुछ दूरी पर पुलिस को बुजुर्ग के वहां गिरे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। एसएचओ बड़सर मस्त राम नाइक के अनुसार प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा।