सुजानपुर(हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली मेला के लिए लगने वाले झूलों की बोली इस वर्ष 34.31 लाख रही। बीते साल झूलों की बोली 28 लाख रही थी। इस वर्ष 6 लाख 31 हजार रुपये ज्यादा है। एसडीएम शिल्पी बेक्टा की अगुवाई में झूलों की बोली की प्रक्रिया सरकारी तौर पर शुरू हुई। झूलों की बोली के लिए प्रदेश तथा आसपास के प्रदेशों के 8 बोलीदाता पहुंचे हुए थे। जिन्होंने झूलों के लिए बोलियां लगाई। अंत में पंचकूला के भास्कर ने सर्वाधिक बोली लगाकर झूलों की बोली अपने नाम कर ली। वहीं होली मेला के लिए पार्किंग की बोली 5,25000 में हो चुकी है। अभी डोम की बोली बाकी है जो कि प्रशासन द्वारा 27 फरवरी को रखी गई है। इसके अलावा 28 फरवरी से जमीन का आवंटन कार्य भी शुरू किया जाएगा। बीते साल प्रशासन को डोम, भूमि आवंटन, झूलों व पार्किंग आदि से एक करोड़ के करीब आमदनी हुई थी। इस वर्ष और बढ़ने की संभावना है। एसडीएम शिल्पी बेक्टा ने झूलों की बोली की पुष्टि की है।