अस्पताल में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों का छलका दर्द
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में परेशानी
दो माह से नहीं हुआ है कर्मचारियों को वेतन का भुगतान
रोगी कल्याण समिति के माध्यम से अस्पताल में रखे हैं 28 कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। अब बस किराये के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। बच्चों की स्कूल फीस भी भरनी है। यह कहना है डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रोगी कल्याण समिति के माध्यम से तैनात किए कर्मचारियों का। दो माह हो गए हैं और वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। अब घर खर्च करना भी मुश्किल हो रहा है। पूरा दिन अस्पताल में सेवाएं देते हैं और समय पर वेतन भी नहीं मिलता। ऐसे में परिवार का पालन पोषण किस तरह होगा। इन कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि दो माह हो गए हैं और वेतन नहीं मिला। हालात ऐसे हैं कि अब बस किराये के लिए रुपये नहीं बचे हैं। रोगी कल्याण समिति के माध्यम से अस्पताल में 28 कर्मचारी रखे गए हैं। अभी तक इनके वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इन कर्मचारियों को वेतन अस्पताल में अनुबंधित कंपनी के माध्यम से होता है। कंपनी को अस्पताल की सुरक्षा का जिम्मा सौंपे गया है। इस संबंध में वह ठेकेदार से भी मिले लेकिन ठेकेदार ने कहा कि अभी मेेडिकल कॉलेज ने वेतन के लिए भुगतान नहीं किया है। ऐसे में इन कर्मचारियों को अपने परिवार का पालन पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि जैसे ही सरकार से भुगतान होगा इन कर्मचारियों को वेतन दे दिया जाएगा।