डीसी ने की बाल स्वास्थ्य से संबंधित तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की समीक्षा की
कहा, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में नोडल शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने शुक्रवार को बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य विभाग के तीन महत्वपूर्ण अभियानों एवं कार्यक्रमों की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता कर इनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डायरिया रोको अभियान, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम पर व्यापक चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि इन तीनों अभियानों के क्रियान्वयन में स्वास्थ्य विभाग के अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा, आयुष, जल शक्ति, पंचायतीराज और अन्य विभागों की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण है। बताया कि नौ अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत पांच वर्ष तक के 29,831 शिशुओं को कृमिनाशक दवाई पिलाई जाएगी और 6 से 19 वर्ष तक के कुल 1,05,500 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक गोली खिलाई जाएगी। इससे कोई भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। एक जुलाई से 31 अगस्त तक चलाए जा रहे डायरिया नियंत्रण अभियान के तहत जिले के 28,955 बच्चों को कवर किया गया। ओआरएस के 45,423 पैकेट वितरित किए गए। आशा वर्कर्स की ओर से बच्चों के माता-पिता को ओआरएस का घोल तैयार करने की विधि भी समझाई गई। डायरिया के लक्षण पाए जाने पर 38 बच्चों को अस्पताल भेजा गया। उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को पानी की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, जल स्रोतों एवं टैंकों की नियमित रूप से सफाई, क्लोरिनेशन और सैंपलिंग-टैस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी शिक्षण संस्थानों, कालोनियों, आम घरों और कार्यालयों की टंकियों की भी नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए तथा लॉगबुक में इसका रिकॉर्ड मैंटेन किया जाना चाहिए।