भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में एसबीआई का एटीएम खोलने की मांग ने फिर से जोर पकड़ लिया है। भरेड़ी में 33 पंचायतों के लोग खरीदारी और बैंकों से लेन-देन करने आते हैं लेकिन, यहां बैंकों व एटीएम से रुपये न निकलने से लोगों को निराशा हाथ लगती है। खरीदारी के लिए अन्य बाजारों का रुख करना पड़ता है। एटीएम न होने के कारण किसानों, पेंशनधारकों, व्यापारियों तथा छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भोरंज बाजार में एकमात्र यूको बैैंक का एटीएम है जो अक्सर खराब या बंद रहता है। भोरंज में खरीदारी करने आए लोगों को धन के लिए जाहू, सरकाघाट, भरेड़ी आदि एटीएम का रुख करना पड़ता है। वैसे तो बैंक के अंदर कैश मिल रहा है लेकिन, जब बैंक दो या तीन दिन के लिए बंद हो जाए तो आफत बन जाती है। यहां एक निजी कॉलेज, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एक निजी हाई स्कूल और मिनी सचिवालय, जलशक्ति, बिजली, लोक निर्माण विभाग भी हैं। भरेड़ी में जिला हमीरपुर के अलावा जिला मंडी और बिलासपुर से भी लोग खरीदारी करने आते हैं लेकिन, भरेड़ी का एकमात्र एटीएम या तो खराब रहता है या इसमें कैश नहीं होता। ग्राम पंचायत प्रधान गरीब दास राजेश, अनिल, सुमित, रमित, राज कुमार, विनय, ललित, विनोद कुमार, अनुज, पवन, बलवीर, राकेश, संजीव, लता, टेकचंद, सुरेश, धर्म चंद आदि ने भरेड़ी में शासन-प्रशासन से एसबीआई का एटीएम खोलने की मांग की है।