फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: हमीरपुर में स्थापित होगा 33 केवी का नया बिजली उपकेंद्र

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह जिला में बड़े स्तर पर विकास के कार्य शुरू होने जा रहे हैं। नादौन में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया बस स्टैंड और इलेक्ट्रिक बस डिपो का प्रस्ताव तैयार होने के बाद अब अगला काम बिजली आपूर्ति को और अधिक बेहतर बनाने का शुरू हो गया है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय हमीरपुर में मौजूदा बिजली आपूर्ति सिस्टम के स्तरोन्नयन का कार्य शुरू होगा। बिजली बोर्ड ने हमीरपुर नगर परिषद क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए वर्ल्ड बैंक को 35 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। जिसे शीघ्र ही वर्ल्ड बैंक से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। बजट को स्वीकृति मिलने के बाद स्तरोन्नयन के कार्य शुरू होंगे।
विज्ञापन

इससे शहर में बिजली की आंख मिचौनी की समस्या से निजात मिलेगी। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के मुताबिक बिजली बोर्ड हमीरपुर शहर में सुचारू बिजली आपूर्ति के लिए 33 केवी का नया बिजली उप केंद्र स्थापित करने जा रहा है। इसके लिए जगह भी चिन्हित कर ली गई है। इसके अलावा शहर में पुरानी बिजली की तारों को जरूरत के मुताबिक बदला जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं को न्यौता देने वाले पुराने बिजली खंभों को बदलकर नई जगह नए खंभे स्थापित किए जाएंगे। सड़क व रास्तों के बीचोंबीच लगे बिजली खंभों को भी बदला जाएगा। इसके अलावा कई जगह नए ट्रांसफार्मर भी स्थापित होंगे। जिससे शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सके।
वर्तमान में शहर में क्षमता से अधिक है लोड
नगर परिषद हमीरपुर में वर्तमान में क्षमता से अधिक बिजली का लोड है। शहर के कुल 11 वार्डों के साढ़े पांच हजार परिवार नगर परिषद में पंजीकृत हैं। इसके अलावा दो हजार के आसपास किरायेदार हैं, जो कि नौकरी, व्यवसाय व बच्चों की पढ़ाई के चलते शहर में रह रहे हैं। इसके अलावा दो दर्जन होटल, रेस्तरां और विश्रामगृह हैं। सबसे अधिक समस्या बिजली बोर्ड को किरायेदारों के रूप में पेश आ रही है। क्योंकि कई लोगों ने अपने घरों में शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों को भुगतान करने वाले अतिथि (पीजी) के रूप में रखा है। एक मकान में पांच से छह बिजली मीटर लगे हैं। लोग सर्दियों में हीटर, एयर कंडिशन के अलावा पानी गर्म करने के लिए गीजर के अलावा रॉड का प्रयोग कर रहे हैं। इंडक्शन चूल्हों का भी इस्तेमाल हो रहा है। जिस कारण मौजूदा पुराने बिजली ट्रांसफार्मर लोड सहन नहीं कर पा रहे। आए दिन फ्यूज उड़ रहे हैं। लोगों को बिजली के अघोषित कट से परेशान होना पड़ रहा है।
विज्ञापन

नगर परिषद हमीरपुर में मौजूदा बिजली आपूर्ति सिस्टम का स्तरोन्नयन किया जाएगा। वर्ल्ड बैंक को 35 लाख रुपये की स्कीम भेजी गई है। शहर में नया बिजली सब स्टेशन, ट्रांसफार्मर स्थापित होंगे और पुरानी बिजली तारें और खंभे बदले जाएंगे
विज्ञापन

ई. राजन गुप्ता, अधिशासी अभियंता, बिजली बोर्ड हमीरपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें