गलोड़ चौकी में व्यक्ति के खिलाफ की दी गई शिकायत, कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गलोड़ (हमीरपुर)। खास गलोड़ पंचायत के बदारण गांव में एक व्यक्ति की ओर से अपने खेतों में खरपतवार का छिड़काव करने के चलते महिला बेहोश हो गई। महिला को आनन-फानन में परिवार ने तुरंत निजी क्लीनिक पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद महिला की तबीयत में सुधार हुआ। गलोड़ पुलिस चौकी के तहत बदारन गांव के ज्ञानचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर के पास अन्य व्यक्ति का खेत है और उसने खेत में खरपतवार का छिड़काव कर दिया। इसे पहले भी कहा गया है कि घर के पास इस तरह की कीटनाशक या खरपतवार दवाइयों का छिड़काव न करें। बार-बार बोलने के बावजूद इस व्यक्ति ने इस दवाई का छिड़काव कर दिया। इसकी वजह से उनकी बहू बेहोश हो गई। यदि उसे सही समय पर अस्पताल लेकर नहीं जाते तो कुछ भी हो सकता था। वहीं, जिला प्रशासन ने लोगों से आह्वान किया है कि घरों के आसपास इस तरह की जहरीली दवाओं का स्प्रे न करें। खास गलोड़ पंचायत के प्रधान संजीव शर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया था। उन्होंने उप प्रधान को मौका देखने के लिए भेजा था। बाद में यह मामला पुलिस चौकी गलोड़ पहुंच गया। सभी लोगों से आह्वान करते हैं कि कोई भी घरों के आसपास अपनी घासनियों या खेतों में दवाई का छिड़काव न करें। पहले भी दो-तीन मामले उनकी पंचायत में इस तरह के सामने आ चुके हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।