पट्टा (हमीरपुर)। भोटा से ताल वाया सिद्धपुर, बुमाना सड़क पर सरकारी बस की सुविधा नहीं है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क पर लोगों को आवागमन के लिए टैक्सियों का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए उन्हें अधिक पैसे चुकाने पड़ते हैं। इस सड़क से सरकारी अस्पताल भोटा या डिडवीं टिक्कर के लिए आवाजाही की जाती है। कोरोना से पहले इस सड़क पर एक सरकारी बस सेवा की सुविधा थी लेकिन बाद में उसे बंद कर दिया गया। इस मार्ग पर कभी-कभी निजी बस की सेवा भी मिलती है। नियमित बस सेवा नहीं होने से करीब छह गांवों के लोग प्रभावित होते हैं। सुरजीत सिंह, सरवन सिंह, सतपाल, रूपलाल, कमला देवी, सीमा देवी, रीना ठाकुर आदि ने कहा कि परिवहन निगम से मांग की है कि इस रूट पर सरकारी बस की सुविधा दी जाए। सरकारी बस के अभाव में उन्हें अधिकतर निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। यदि निजी वाहन भी उपलब्ध न हों तो उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है।