रंगस (नादौन)। उपमंडल नादौन से लेकर हमीरपुर तक नेशनल हाइवे पर सड़क के दोनों ओर झाड़ियां उगी हैं। लेकिन संबंधित विभाग ने झाड़ियों को काटने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा। साथ ही एनएच पर निकास नालियां भी अवरुद्ध हो चुकी हैं। जिसके चलते बारिश के मौसम में पानी सड़क के ऊपर से बहता है। इसके अलावा इस मार्ग पर कई जगह सड़क की हालत खराब है। खासकर हमीरपुर बाईपास से लेकर पक्का भरो तक सड़क पर गड्ढे पड़े हैं। उधर, सुरजीत सिंह, विवेक शर्मा, राहुल शर्मा और अजय पठानिया ने कहा कि नादौन से हमीरपुर के झनियारा तक सड़क के दोनों ओर जहरील घास और झाडिय़ां होने की वजह से वाहन चालकों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने झाडिय़ों की छंटाई और निकासी नालियों की मरम्मत करवाने की मांग की है। उधर, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्ट योगेश राउत ने कहा कि शीघ्र ही समस्या का समाधान किया जाएगा।