हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के अंतर्गत बजूरी में विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा। इस पर 10 लाख रुपये का बजट खर्च होगा। नगर परिषद हमीरपुर ने निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार कर शहरी विकास विभाग के पास स्वीकृति के लिए भेज दिया है। निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने के बाद विश्राम गृह का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
विश्राम गृह के साथ सामुदायिक भवन, कांप्लेक्स और पार्किंग का निर्माण भी करवाया जाएगा। इसमें लोगों को सामाजिक समारोह आयोजित करने और पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में नगर परिषद हमीरपुर के अंतर्गत महज एक ही सामुदायिक भवन टाउन हॉल की सुविधा है। टाउन हॉल भी अधिकतर समय सामाजिक समारोहों, रैलियों और अन्य कार्यक्रमों के लिए बुक रहता है। ऐसे में अब नगर परिषद हमीरपुर ने बजूरी में 10 लाख रुपये की लागत से विश्राम गृह और सामुदायिक भवन का निर्माण करने का निर्णय लिया है ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।
इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि बजूरी में विश्राम गृह का निर्माण करवाया जाएगा। इसका प्रपोजल तैयार करके मंजूरी के लिए भेजा गया है। बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।