हमीरपुर। जेसीबी का रोलर रिपेयर करने के लिए पंजाब के मोहाली से आए मेकेनिक की वीरवार शाम को हमीरपुर में मौत हो गई है। व्यक्ति की मौत पांव फिसलने के उपरांत दीवार से टकराने से हुई है। इसके सबूत पुलिस को मौके पर ही मिले हैं। व्यक्ति का टूटा हुआ नाखून मिला है तथा दीवार पर खून के निशान भी मिले हैं। व्यक्ति बेसुध अवस्था में गली में पड़ा हुआ था। लोगों ने जैसे ही इसे गली में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने उस कमरे की भी तलाशी ली है, जिसमें व्यक्ति ठहरा हुआ था। वह एक सराय के कमरे में रुका हुआ था। वह कमरे से किसी काम के लिए बाहर निकला। लेकिन, वापस कमरे की तरफ न जाकर किसी अन्य रास्ते पर ही चल पड़ा। माना जा रहा है कि रात के समय वह रास्ता भटक गया हो। गली में वह बेहोश पड़ा था तथा इसका नाखून टूटा हुआ था। वहीं, साथ वाली दीवार पर खून के निशान थे। शुक्रवार को फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। 45 वर्षीय चंडीगढ़ निवासी व्यक्ति जेसीबी के रोलर की रिपेयर का काम करता था और हमीरपुर आया हुआ था।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य भी जुटाए हैं। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
-