टौणी देवी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बारीं में बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। बुधवार को दोपहर बाद करीब 3 बजे बंदरों ने स्कूल से घर जा रही स्कूली कर्मी स्नेहलता निवासी गांव नाडसीं पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। स्कूल प्रशासन ने जल्द ही घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा है। इस क्षेत्र में बंदरों की काफी संख्या है और वह इंसानों से डरते नहीं। अपितु डराने पर सीधा हमला कर देते हैं। यहां पर लिटिल एंजल प्राइवेट स्कूल में 600 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। जिनके अभिभावक बंदरों के इस आतंक से चिंतित हैं। पंचायत प्रधान बवीता चौहान ने क्षेत्र में बंदरों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की और जिला प्रशासन से मांग की है कि इन बंदरों को पकड़कर आबादी विहीन क्षेत्र में छोड़ा जाए ताकि, जनता को अपने दिनचर्या के कार्यों और बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।