कहा, हिमाचल में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना मेरी प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ऊना हिमाचल से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन अब हरिद्वार तक चलाई जाएगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद किया। कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को काफी लाभ मिलेगा। अनुराग ने कहा कि केंद्र में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और हिमाचल का प्रतिनिधि होने के नाते हिमाचल प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता में है। हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक स्थल है और हिमाचल से बड़ी संख्या में लोग तीर्थाटन करने हरिद्वार जाते हैं। हिमाचल के यात्री ट्रेन से सीधा ही हरिद्वार तक जा सकें, ऐसी सुविधा के लिए व्यक्तिगत रूप से रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर आग्रह किया था। ऊना से चल कर सहारनपुर तक जाने वाली ट्रेन के एक्सटेंशन की मंजूरी रेलमंत्री ने दे दी है। देश की चौथी वंदे भारत ट्रेन की सौगात हिमाचल को दी, जिसके शुभारंभ के लिए खुद मोदी ऊना आए थे। वित्तवर्ष 2023 - 24 के लिए हिमाचल प्रदेश में रेलवे विस्तार के लिए 1838 करोड़ रुपये मंज़ूर किए हैं। सामरिक महत्व की भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन के लिए 1000 करोड़ ,चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन के लिए 450 करोड़ रुपये, नंगल- तलवाड़ा रेल लाइन के लिए 452 करोड़ बजट में मंज़ूर किए गए हैं।