पुरानी वर्षाशालिका का किया जाएगा जीर्णोद्धार
शौचालयों के साथ बस स्टैंड में बैठने के लिए बेंच होंगे स्थापित
मरम्मत कार्य पर नप हमीरपुर 15 लाख रुपये का बजट करेगी खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के भोटा चौक पर आधुनिक शौचालयों का निर्माण होगा। इस पर नगर परिषद की ओर से 15 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। आचार संहिता समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे दुकानदारों, राहगीरों और यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। नगर परिषद की ओर से कार्य को चरणबद्ध तरीके से करवाया जाएगा। प्रथम चरण में शौचालयों का निर्माण, द्वितीय चरण में पुरानी वर्षाशालिका का जीर्णोद्धार और तीसरे चरण में चौक पर स्थित बस स्टॉप में यात्रियों को बैठने के लिए बेंच और पंखे की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में भोटा चौक पर स्थित वर्षाशालिका और शौचालयों की हालात खस्ता बनी हुई है। इससे बाजार में खरीदारी करने आने वाले राहगीरों और दुकानदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, बस स्टॉप पर यात्रियों को बस का इंतजार खड़े होकर करना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय दुकानदार और राहगीर लंबे समय से नगर परिषद से शौचालयों का निर्माण करने और वर्षाशालिका का जीर्णोद्धार करवाने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर नगर परिषद ने निर्माण कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब आचार संहिता के बाद कार्य को शुरू किया जाएगा। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई है। आचार संहिता के बाद निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।