गौना करौर स्कूल में मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाना सीखते हुए विद्यार्थी। स्रोत : संस्थान
नादौन (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौना करौर में आपदा प्रबंधन के अंतर्गत शुक्रवार को एक मॉक ड्रिल करवाई गई। इस दौरान गर्मियों में आग के बढ़ते खतरों के मद्देनजर इससे निपटने के बारे में बताया गया। प्रधानाचार्य जोगेंद्र सिंह ने कहा कि आग से होने वाले खतरों के बारे में सावधान किया गया। बताया कि आग मित्र भी है और शत्रु भी। इसके बाद प्रवक्ता यजनीश कुमार, सुरेश कुमार और लवलेश कुमार ने बच्चों को संबोधित किया और विस्तार से आग से बचाव की जानकारी दी। प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बच्चों को बताया कि आग तभी तक हमारे काम की है जब तक यह हमारे कंट्रोल में है। यदि कंट्रोल से बाहर हुई तो यह हमारी सबसे बड़ी दुश्मन बन जाती है और बहुत ज्यादा नुकसान करती है।