राजकीय उच्च पाठशाला करेर में वार्षिक समारोह के दौरान छात्राओं के साथ नाटी डालते विस क्षेत्र बड़?
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने वीरवार को राजकीय उच्च पाठशाला करेर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों को उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है और इस दिशा में कार्य आरंभ कर दिया गया है।
कांग्रेस सरकार अपने घोषणा पत्र के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बेहतरीन सुविधाओं से युक्त शिक्षण संस्थान स्थापित करेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपने घर के पास ही आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और वे बड़े-बड़े शहरों के महंगे स्कूलों के बच्चों के साथ प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होंगे।
लखनपाल ने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक, सामाजिक कार्यों और अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित करें। इससे बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा और वे देश एवं समाज के लिए बेहतर योगदान दे सकेंगे। समारोह के दौरान बच्चों की ओर से प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इसलिए शिक्षक इन बच्चों को तराशने के लिए कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें। विधायक ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा भी की। पाठशाला के मुख्याध्यापक ने विधायक का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि, स्कूल के शिक्षक, बच्चों के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।