टौणीदेवी/हमीरपुर। जिला हमीरपुर की टौणी देवी तहसील के नजदीक बारीं मंदिर में वीरवार तड़के 4ः30 बजे एक सीमेंट मिक्सचर वाहन पलट गया। हादसे के दौरान निर्माणाधीन डंगे का सरिया शरीर के आर-पार होने से चालक की मौत हो गई। यह मिक्सचर वाहन हमीरपुर-मंडी एनएच के निर्माण कार्य में जुटी निजी कंपनी था। हादसे में चालक 60 वर्षीय रणजीत सिंह पुत्र हरी सिंह निवासी गांव गुर मंझवार, भांवला, तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को ही चालक रणजीत सिंह ने एनएच के निर्माण में जुटी कंपनी ज्वाइन की थी और वीरवार सुबह हादसे में हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मौके का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार सड़क से नीचे वाहन के पलटने से मृतक गाड़ी में ही फंसा हुआ था और निर्माणाधीन डंगे के सरिए शरीर के आरपार हो चुके थे। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि सड़क हादसे में वाहन चालक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग के पटवारी रवि कुमार ने मृतक के भाई हंसराज को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की।
कंपनी नहीं दे रही कोई राहत राशिः सप्पल
एनएच के निर्माण में जुटी गावर कंपनी के प्रवक्ता प्रवीण सिंह सप्पल ने कहा कि कंपनी मृतक के परिवार को कोई राहत राशि नहीं दे रही है। कंपनी ने ये गाड़ियों किसी और से हायर की हैं। वहीं, कंपनी के साइट इंजीनियर सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं है। राहत राशि कितनी और किसने देनी है, यह निर्माण कंपनी स्वयं तय करे।
कंपनी मृतक के परिवार को दे आर्थिक सहायता
स्थानीय ग्रामीणों ने चालक की मौत के लिए निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है। ग्रामीणों बलवंत सिंह चौहान, करतार सिंह, अजय कुमार चौहान, मीरां, अंजू, संतोष इत्यादि ने कहा कि कंपनी को मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दे। लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी के बेतरतीब तरीके से काम के कारण सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। जगह-जगह डेंजर जोन बन चुके हैं। कंपनी कब काम शुरू करती है और और कब बंद, कोई पता नहीं चलता। एक साल से कछुआ गति से काम चला है।
एनएच-03 प्रभावित-पीड़ित मंच ने उठाए सवाल
दुर्घटना स्थल पर एनएच 03 प्रभावित-पीड़ित मंच के सदस्यों ने निर्माण कंपनी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। मंच के महासचिव अजय कुमार, उपाध्यक्ष जोगराज और रमेश कुमार ने निर्माण कंपनी द्वारा लगाए जा रहे डंगे पर प्रश्नचिह्न लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह डंगों के बेस धंस चुके हैं। अवाहदेवी के पास नया डंगा गिर गया है। पुलिस चौकी टौणी देवी के पास लगाया नया डंगा कभी भी गिर सकता है। मंच ने कहा कि एनएच निर्माण कंपनी पैसों की बर्बादी कर रही है। मंच ने निर्माण कार्य और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।