निर्माणाधीन हमीरपुर बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से जानकारी लेते लोनिवि मंत्री विक
हमीरपुर। चंबा से शिमला लौटते हुए लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोक निर्माण विभाग के ज्वालाजी, नादौन और हमीरपुर में निर्माणाधीन प्रोजेक्टों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वह खुले मन से केंद्र से मिलने वाली मदद का आभार व्यक्त करते हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का उन्होंने विधानसभा के पटल से आभार जताया है लेकिन जहां पर कमियां है, उनके लिए आवाज उठाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को केंद्र प्रायोजित योजनाओं से बजट मिल रहा है और यह हर राज्य को मिल रहा है। यह एक पहलू है। दूसरा पहलू है कि जो प्रदेश में आपदा हुई, उसके बाद 14वें वित्त आयोग की सिफारिश के बाद जो राजस्व घाटा अनुदान 13 हजार करोड़ रुपये होता था, वह तीन हजार करोड़ रुपये रह गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के बजट में जम्मू-कश्मीर को 25 हजार करोड़ की ग्रांट दी गई जबकि हिमाचल को एक रुपया तक नहीं दिया गया। इसके लिए आवाज उठाना हमारा दायित्व है। भाजपा को इसे निंदा के रूप में नहीं देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमीरपुर-मंडी एनएच का भी जल्द निरीक्षण किया जाएगा। हालांकि केंद्रीय मंत्रालय इस एनएच का निर्माण कर रहा है लेकिन धर्मपुर, सुजानपुर और मंडी के कोटला में निर्माण से जुड़ी खामियों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिसके चलते अब मौके पर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं जाएंगी।