गलोड़(हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत ग्राम पंचायत गोईस के गांव डडोह में शनिवार को फेरी लगाने वाले प्रवासियों को पंचायत प्रतिनिधियों ने दबोच लिया। एक प्रवासी पश्चिम बंगाल और तीन उत्तर प्रदेश के पाए गए। जब पंचायत ने उनकी जांच पड़ताल की तो उनके पास महज पश्चिमी बंगाल के प्रवासी की वेरिफिकेशन पाई गई, जबकि यूपी के तीन लोग बिना वेरिफिकेशन के गांव-गांव में जाकर सामान बेचते पाए गए। पंचायत प्रधान राजिंद्र कुमार ने कहा कि उनके पास बेचने को समान नाममात्र का ही था।
जबकि उनके मोबाइल में स्थानीय लड़कियों की चैट और अश्लील सामग्री मौजूद भरी पड़ी थी। पंचायतों में बिना वेरिफिकेशन और अनुमति के फेरी लगाना अवैध है। प्रधान राजिंद्र कुमार ने तीनों फेरी वालों की 500-500 रुपये यानी कुल 1,500 रुपये की पर्ची काटकर उन्हें आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी गलोड़ के हवाले कर दिया। यह लोग सलौणी और सोहरी क्षेत्र में रह रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई करने की मांग की है। चौकी प्रभारी गलोड़ प्रवीण कुमार ने कहा कि गोईस पंचायत प्रधान राजिंद्र कुमार ने बिना वेरिफिकेशन के तीन लोगों साहिल, पुत्र मेहताव, गुलाब नबी, पुत्र मोहम्मद याकूब, अंसार, पुत्र अख्तर उत्तर प्रदेश को पुलिस हवाले किया था। पुलिस ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही वेरिफिकेशन करवाने की मांग की है अन्यथा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।