हमीरपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के लिए शनिवार को जिला के 21 मेधावी विद्यार्थियों का दल केरल के लिए रवाना हुआ। जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान की टीम ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों के साथ दो अध्यापक मोनिका जसवाल और विजय कुमार भी कार्यक्रम के तहत भ्रमण के लिए रवाना हुए हैं। शैक्षणिक भ्रमण में मेधावी विद्यार्थी केरल राज्य की संस्कृति, शिक्षा, खानपान और अन्य विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करेंगे। जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर के मीडिया प्रभारी भवानी सिंह ने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के लिए 21 मेधावी विद्यार्थियों का दल केरल राज्य के लिए रवाना हुआ। विद्यार्थी हमीरपुर से लेकर दिल्ली तक बस के माध्यम से जाएंगे। दिल्ली से आगे विद्यार्थी रेल में यात्रा करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत केरल राज्य के विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश का भ्रमण करेंगे। इस मौके पर भ्रमण कार्यक्रम प्रभारी चेतना, राकेश कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।